कोलकाता में विक्टोरिया मेमोरियल और शॉपिंग मॉल में घूम-घूम कर बोर हो गये हैं? अब कोलकाता से बाहर उत्तर बंगाल में घूमने जाने का प्लान तो बना रहे हैं, लेकिन जाएं कैसे? क्या-क्या देखें, कहां-कहां घूमें...ये सब कुछ भी समझ में नहीं आ रहा है। चिंता की कोई बात ही नहीं है। हम आपको यहां बता रहे हैं कोलकाता से दार्जिलिंग के वीकेंड ट्रिप का डिटेल्ड प्लान।
दार्जिलिंग में कहां रुकना सही होगा, शॉर्ट ट्रिप में कहां-कहां घूम सकते हैं, क्या खरीदे और क्या खाएं!तो इस आर्टिकल को अंत तक जरूर पढ़े और अगले वीकेंड पर दार्जिलिंग के लिए एक अच्छा सा ट्रिप प्लान जरूर बना लें।

कैसे जाएं दार्जिलिंग?
सबसे पहले आपको कोलकाता से दार्जिलिंग पहुंचने के तरीकों के बारे में बताते हैं -
विमान से - अगर आप कोलकाता से दार्जिलिंग विमान द्वारा जाना चाहते हैं तो आपको बागडोगरा के लिए फ्लाइट की टिकट लेनी होगी। लगभग डेढ़ घंटे में आपको विमान कोलकाता से बागडोगरा एयरपोर्ट पहुंचा देगी। बागडोगरा एयरपोर्ट से बाहर निकलकर आपको शेयरिंग टैक्सी, बस या किराए पर गाड़ियां मिल जाएंगी जो आपको दार्जिलिंग पहुंचा देगी। बागडोगरा से दार्जिलिंग तक के इस सफर को पूरा करने में आपको लगभग 2 से ढाई घंटे का वक्त लग सकता है।
ध्यान रखें, यह पूरा रास्ता पहाड़ी होगा, इसलिए घुमावदार सड़कें और चढ़ाई भी मिलेगी। मगर हां, पूरा रास्ता चाय बागानों और जंगलों के बीच से होकर गुजरता है, इसलिए शानदार नजारों का लुत्फ भी उठा सकेंगे।
ट्रेन से - अगर आप ट्रेन से दार्जिलिंग जाने का मन बना रहे हैं, तो हावड़ा स्टेशन से आपको न्यू जलपाईगुड़ी के लिए ट्रेन लेनी होगी। दूसरी ट्रेनों के साथ-साथ हावड़ा-न्यू जलपाईगुड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस का विकल्प भी आपको मिल जाएगा। न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन से बाहर निकलकर ही सामने आपको शेयरिंग टैक्सी, बस या किराए पर गाड़ियां मिल जाएंगी जो आपको दार्जिलिंग पहुंचा देंगी।
बस से - कोलकाता के धर्मतल्ला (एस्प्लेनेड) से बड़ी संख्या में निजी कंपनियों की बसें खुलती हैं, जो दार्जिलिंग तक जाती हैं। इसके साथ-साथ आप चाहे तो कोलकाता से सीधे दार्जिलिंग के लिए किराए पर गाड़ियां लेकर भी जा सकते हैं, जो किसी भी ट्रैवर एजेंसी के पास आपको मिल जाएंगी।

विशेष नोट : दार्जिलिंग जाते समय अगर आप जल्दी से जल्दी दार्जिलिंग पहुंचना चाहते हैं तो रोहिणी वाला रूट लें। लेकिन वापसी के समय हमारी सलाह है कि आप मिरीक रूट से नीचे उतरे। मिरीक रूट पर पहले आपको तकदह जंगल मिलेगा, इससे आगे बढ़ने पर सीमाना और सबसे आखिर में मिरीक मिलेगा जहां आप चाय बागानों की हरियाली को न सिर्फ जी भरकर एंजॉय कर सकेंगे बल्कि यहां फोटो भी खींचवा सकते हैं, बेहतरीन गुणवत्ता की चायपत्तियां अपने लिए और गिफ्ट देने के लिए खरीद सकते हैं। मिरीक में आप जिस प्राकृतिक सुन्दरता का अनुभव करेंगे वह और कहीं मिलना बहुत ही मुश्किल है।
कहां रुके?
दार्जिलिंग में रुकने की कई अच्छी जगहें हैं लेकिन हमारी सलाह है कि आप माल रोड पर ही किसी होटल में अपने लिए रूम बुक करें। दार्जिलिंग में पश्चिम बंगाल सरकार का सरकारी होटल भी है, जहां की सर्विस किसी भी 4 या 5 स्टार होटल से कम नहीं है। इसलिए किफायती कीमतों पर अच्छे होटल के लिए इसे भी एक विकल्प के तौर पर आप रख सकते हैं।

क्या खाएं?
यूं तो पहाड़ों पर अक्सर लोग मैगी एंजॉय करते हैं लेकिन दार्जिलिंग जाएं तो वहां मस्ट हैव की लिस्ट में दार्जिलिंग मोमो सबसे ऊपर होता है। दार्जिलिंग मोमो का जो स्वाद आपको यहां मिलेगा उसके सामने कोलकाता के किसी भी रेस्तरां में दार्जिलिंग मोमो के नाम से बिकने वाले मोमो का स्वाद फीका ही लगेगा। इसके अलावा दार्जिलिंग की फर्स्ट फ्लेश चाय की चुस्कियां भरते हुए केक या कुकिज का स्वाद लिया ही जा सकता है। और हां, वापस लौटने से पहले एक सुबह इंग्लिश ब्रेकफास्ट में ग्लेनरिज का सॉसेज प्लैटर एंजॉय करने जाना मत भूलें।
वीकेंड ट्रिप पर कहां-कहां घूमें?
वीकेंड पर छुट्टियां मनाने अगर दार्जिलिंग आ रहे हैं तो निश्चित रूप से आप थोड़ा आराम फरमाना पसंद करेंगे। तो फिर बहुत ज्यादा इधर-उधर न घूमकर हिमालयन टॉय ट्रेन की सवारी क्यों नहीं करते। नैरो गेज की छुक-छुक करती टॉय ट्रेन दार्जिलिंग के विभिन्न गलियों से होते हुए आपको घूम स्टेशन तक लेकर जाती है। घूम स्टेशन - जो भारत में सबसे ज्यादा ऊंचाई पर मौजूद रेलवे स्टेशन है। इसके अलावा यहां घूमने जाने के लिए बताशिया लुप भी एक शानदार जगह है। आप चाहें तो टाइगर हिल भी जा सकते हैं।

मौसम अगर साफ हुआ तो कंचनजंघा की चोटी यहां से स्पष्ट नजर आती है, लेकिन वहां जाने की शर्त बस एक ही है। आपको अहले सुबह निकलना पड़ेगा, वरना भीड़ इतनी ज्यादा हो जाएगी कि कई किलोमीटर का रास्ता आपको पैदल ही चल कर जाना पड़ेगा। अगर आपके पास थोड़ा ज्यादा समय है तो लामाहाटा के लिए निकल सकते हैं। यह एक शानदार प्राकृतिक जगह है और हां, यहां के मोमो ट्राई करना तो मस्ट है।

कहां से शॉपिंग करें?
यूं तो दार्जिलिंग माल में ही आपको ढेर सारी दुकानें मिल जाएंगी, जहां से आप शॉपिंग कर सकते हैं। लेकिन यहां बिकने वाले सामान अक्सर थोड़े महंगे होते हैं। इसलिए शॉपिंग के लिए आप तिब्बती मार्केट जा सकते हैं, जहां थोड़ा मोलभाव करने के बाद आपको अपना मनपसंद सामान मिल जाएगा। इसके अलावा नेपाल बॉर्डर से सटा पशुपति मार्केट भी जा सकते हैं और चाहे तो लेपचाजगत में लगने वाला छोटा मार्केट भी पहाड़ी वादियों को एंजॉय करते हुए एक्सप्लोर कर सकते हैं।



Click it and Unblock the Notifications














