हर साल 27 सितंबर को बतौर विश्व पर्यटन दिवस (World Tourism Day) मनाया जाता है। इस खास दिन पर दुनियाभर का हर कोना, लोगों को आपस मिलने, सांस्कृतिक मेल-जोल बढ़ाने में पर्यटन के महत्व के साथ-साथ किसी भी जगह के आर्थिक विकास में पर्यटन के महत्व का जश्न मनाती है। साल 1980 में पहली बार 27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस के रूप में मनाया गया था।
इस साल भी इस खास दिन को लेकर हर जगह विशेष तैयारियां की गयी हैं। इसी क्रम में राजस्थान, जिसके विकास में पर्यटन एक अहम भूमिका निभाता है, में भी पर्यटन दिवस को लेकर कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। लेकिन पर्यटन दिवस पर पर्यटकों के लिए अगर कुछ खास न किया जाए तो वह दिन अधूरा सा लगने लगता है...है न।

राजस्थान सरकार ने जयपुर के कई पर्यटन स्थल, पुरातत्व संग्रहालय व स्मारकों में कल यानी 27 सितंबर को पर्यटकों को निःशुल्क प्रवेश की सुविधा देने की घोषणा की है। इस बारे में मीडिया से बात करते हुए राजस्थान के पुरातत्व एवं संग्रहालय निदेशालय की उप निदेशक कृष्णकांता शर्मा ने बताया कि हर की तरह इस साल भी विश्व पर्यटन दिवस पर पुरातत्व विभाग की ओर से जयपुर समेत राज्यभर के सभी राजकीय स्मारकों और संग्रहालयों में पर्यटकों को निःशुल्क प्रवेश की सुविधा दी गयी है।
हालांकि इस दिन पर्यटकों की संख्या भी काफी अधिक होगी, इस बात को ध्यान में रखते हुए सभी किले-महलों और संग्रहालयों में अतिरिक्त होमगार्ड की व्यवस्था रखी जाएगी। साथ ही स्मारकों पर सीसीटीवी कैमरे की मदद से भी पैनी नजर रखी जाएगी।

जयपुर में कहां-कहां होगी फ्री एंटी?
- नाहरगढ़ किला
- हवामहल
- जंतर-मंतर
- आमेर किला
- जयगढ़ किला
- एल्बर्ट हॉल
- सरगासूली
- चिड़ियाघर
- विद्याधर बाग
- सिसोदिया रानी बाग
यूं तो राजस्थान में घूमने के लिए सालभर पर्यटक आते रहते हैं लेकिन अगर बिना एंट्री फीस दिये कहीं घूमने जाने का मौका मिले, तो उसकी बात ही अलग होती है। इसलिए हमारी सलाह मानिए और जयपुर समेत राजस्थान के महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों पर निःशुल्क घूमने का मौका बिल्कुल मत छोड़े।



Click it and Unblock the Notifications














