अगर आप दिल्ली मेट्रो से सफर करते हैं तो आपके लिए बड़ी खुशखबरी है। अब दिल्ली मेट्रो में सफर करना पहले के मुकाबले कहीं ज्यादा आसान और डिजीटल होने वाला है। अब दिल्ली मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों को अपने पर्स में फिजिकल स्मार्ट कार्ड लेकर चलने की जरूरत नहीं होगी।
यानी कई तरह के कार्ड्स के बीच में से गुम हुए मेट्रो कार्ड को ढूंढने वाले दिन अब जल्द ही खत्म होने वाले हैं, क्योंकि दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) जल्द ही एक नयी डिजिटल सिस्टम को लॉन्च करने वाली है जिसमें आपका मोबाइल फोन ही दिल्ली मेट्रो का स्मार्ट कार्ड बन जाएगा।

इस बारे में मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार जल्द ही DMRC डिजिटल स्मार्ट कार्ड यानी QR कोड पर आधारित स्मार्ट कार्ड को लॉन्च करने वाली है। यह सुविधा दिल्ली मेट्रो के क्यूआर टिकट की सुविधा प्रदान करने वाले सभी प्लेटफार्म जैसे DMRC मोमेंटम 2.0 ऐप, व्हाट्सऐप, पेटीएम, अमेजन पे, वन दिल्ली आदि पर भी उपलब्ध होगी।
मौजूदा QR कोड टिकट से होगा अलग
दिल्ली मेट्रो वर्चुअल स्मार्ट कार्ड की जो नयी तकनीक लॉन्च करने वाला है, वह मौजूदा QR कोड टिकट तकनीक से काफी अलग होगा। दरअसल, वर्तमान में दिल्ली मेट्रो में जो QR कोड टिकट है, वह सिर्फ सिंगल जर्नी के लिए ही है। यानी अगर आप रिटर्न जर्नी या जितनी बार यात्रा करेंगे, हर बार आपको अलग-अलग QR कोड टिकट बुक करना होगा। लेकिन DMRC जो नयी तकनीक लॉन्च करने वाली है, उसमें यात्रियों को स्मार्ट कार्ड के तर्ज पर ही एक साथ कई यात्राओं के लिए QR कोड टिकट बुक करने की आजादी मिल जाएगी।
इस बारे में DMRC के मैनेजिंग डायरेक्टर विकास कुमार ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि हम स्टोर किये गये वैल्यू के लिए QR कोड को पेश करने की योजना बना रहे हैं। यानी एक बार में कुछ निर्धारित मूल्य चुकाकर आप अपनी अगली कई यात्राओं के लिए एक ही बार में QR कोड टिकट खरीद सकेंगे। उन्होंने बताया कि यह पारंपरिक कार्ड की तरह ही होगा जो सिर्फ एक यात्रा तक सीमित नहीं होगा। इससे पेपर प्रिंट की संख्या में भी कमी आएगी।

कैसे करेगा काम
दिल्ली मेट्रो का वर्चुअल स्मार्ट कार्ड फिजिकल स्मार्ट कार्ड की तरह ही काम करेगा। इसे स्मार्ट फोन में स्टोर किया जा सकेगा। यात्रियों को DMRC मोबाइल ऐप का इस्तेमाल कर अपने वर्चुअल स्मार्ट कार्ड के QR वॉलेट को रिचार्ज या टॉप-अप करना होगा। यात्रा से पहले जब भी यात्रियों को QR कोड जेनरेट करना होगा, उसके लिए वो स्टोर वैल्यू का इस्तेमाल कर सकेंगे।
इसके लिए सामान्य QR कोड टिकट की तरह ही यात्रियों को अपना गंतव्य स्टेशन का चुनाव करना होगा, फिर पेमेंट का विकल्प और पेमेंट करते ही उनके मोबाइल पर मेट्रो का QR टिकट उपलब्ध हो जाएगा। वर्चुअल स्मार्ट कार्ड की सबसे बड़ी खासियत है कि अगर किसी कारणवश आपका मोबाइल चोरी या गुम हो जाता है, तब भी आप किसी और डिवाइस से लॉग इन कर अपने कार्ड के स्टोर वैल्यू (फंड) तक पहुंच सकेंगे।



Click it and Unblock the Notifications














