सोमवार (1 जनवरी) को हल्की धुप निकलने की वजह से राजधानी पटना समेत बिहार के लगभग सभी हिस्सों में ठंड से थोड़ी राहत मिली है। करीब 3 दिनों बाद साल के पहले दिन बिहारवासियों को सूर्यदेव ने दर्शन दिया था। वहीं मंगलवार को उत्तर प्रदेश में घना कोहरा और कंपकपाने वाली ठंड होने का अनुमान जताया गया है। मंगलवार को मौसम शुष्क ही रहेगा लेकिन बुधवार को राज्य के कई इलाकों में बारिश हो सकती है।

सोमवार की शाम से दिल्ली-NCR में पछुआ हवाएं चल रही हैं जिस वजह से मंगलवार की सुबह काफी ठंड रही। हालांकि तापमान में अधिक परिवर्तन नहीं हुआ है लेकिन आद्रता 95% से अधिक होने की वजह से ठिठुरन बढ़ गयी है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की सुबह दिल्ली और NCR का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा जो औसत तापमान से दो डिग्री कम है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 5 से 11 जनवरी तक उत्तर भारतीय राज्यों के तापमान में गिरावट होने की संभावना है। उत्तर भारतीय राज्यों में अभी शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी।
बताया जाता है कि मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र के उत्तरी हिस्से, उत्त प्रदेश के दक्षिणी क्षेत्र, हरियाणा, राजस्थान व बिहार में ठंड की स्थिति बनी रहेगी। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले 48 घंटों में बिहार में दिन के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। सोमवार को पटना में धूप निकलने की वजह से न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम तापमान शुक्रवार के मुकाबले 5 डिग्री अधिक रहा और 18.9 डिग्री दर्ज हुआ।
बता दें, बिहार में रविवार को इस सीजन का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। इस दिन अधिकतम और न्यूनतम तापमान में मात्र 1.6 डिग्री सेल्सियस का ही अंतर रह गया था। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 4 जनवरी के आसपास मौसम फिर से करवट बदल सकती है और हल्की बारिश होने की संभावना है। शीतलहर की वजह से राजधानी पटना की वायु की गुणवत्ता में थोड़ा सुधार आया है। सोमवार को पटना का AQI 197 दर्ज किया गया।

उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग सुबह के समय घना कोहरा छाये रहने का अलर्ट जारी किया है। साथ ही बुधवार को राज्य के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना भी है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अगले 2-3 दिनों तक तापमान में परिवर्तन होने की कोई संभावना नहीं है। उसके बाद धीरे-धीरे अधिकतम तापमान 2-3 डिग्री बढ़ सकता है लेकिन न्यूनतम तापमान में अगले 5 दिनों तक कोई परिवर्तन होने की संभावना से मौसम विभाग ने इंकार किया है।
मौसम विभाग ने आज सहारनपुर, मुज़फ़्फ़रनगर, बागपत, मेरठ, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली और पीलीभीत में कोहरा और अत्यधिक ठंडा मौसम रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। इसके अलावा नोएडा, गाजियाबाद, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, एटा, हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, बाराबंकी, लखनऊ, गोंडा, फ़ैज़ाबाद, अमेठी, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, संत कबीर नगर, महाराजगंज, गोरखपुर, आज़मगढ़, वाराणसी, ग़ाज़ीपुर, मऊ, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, बलिया में घना कोहरा छाये रहने की संभावना है।



Click it and Unblock the Notifications














