देश के अधिकांश हिस्सों में जहां हीट वेव और आग उगलती धूप का प्रकोप चल रहा है, वहीं कश्मीर इस समय बर्फ की मोटी चादर तले ढंक गया है। पिछले कुछ दिनों से कश्मीर घाटी में हो रही तेज बारिश और बर्फबारी ने मौसम में ठंडक बढ़ा दी है। बर्फबारी की वजह से कश्मीर घाटी का मौसम काफी सुहावना हो गया है। कई तरह की एक्टिविटी हैं, जिनका आनंद आप इस बर्फिले मौसम में ही ले सकते हैं।
लेकिन बर्फबारी और बारिश की वजह से ही श्रीनगर के कई रास्तों को बंद भी कर देना पड़ा है। बर्फबारी और बारिश की वजह से लगातार दूसरे दिन भी मुगल रोड और श्रीनगर-सोनमर्ग-गुलमर्ग रोड को रविवार को बंद रखना पड़ा था। ट्रैफिक पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार श्रीनगर-सोनमर्ग-गुलमर्ग रोड, जो सोनमर्ग से लद्दाख की तरफ जाती है, को भी सड़कों की खराब हालत की वजह से बंद कर देना पड़ा था।

अगले कुछ दिनों में श्रीनगर व आसपास के इलाकों का अधिकतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। बताया जाता है कि अगले कुछ दिनों तक हल्की बारिश हो सकती है।
कश्मीर में हो रही बर्फबारी से पर्यटकों में खुशी की लहर दौड़ गयी है। खासतौर पर देशभर के गर्म इलाकों में रहने वाले वो लोग जिन्होंने गर्मी से थोड़ी राहत पाने के लिए कश्मीर घाटी का रुख किया है। बर्फबारी की वजह से कश्मीर घाटी में हरियाली से ज्यादा सफेद रंग नजर आ रहा है, जो इसे 'धरती का स्वर्ग' बना दे रहा है। बर्फबारी के मौसम में अगर आप कश्मीर घाटी जाते हैं तो कुछ खास एक्टिविटीज भी हैं, जो आपका इंतजार कर रही हैं।
आइए जान लेते हैं, कश्मीर घाटी में हो रही बर्फबारी का लुत्फ कैसे उठाएं -

1. गंडोला राइड
दुनिया की सबसे ऊंची केबल कार में से एक, गुलमर्ग का गंडोला राइड बर्फबारी के समय में बेहद शानदार दिखता है। 2 फेज में इस केबल कार का संचालन होता है। काफी लोग फेज 1 से वापस लौट आते हैं, लेकिन बर्फबारी का असली आनंद तो गंडोला राइड के फेज 2 तक जाने के बाद ही मिलता है। जब चारों तरफ सफेद बर्फ की चादर बिछी हो और दूर बर्फ से ढंकी पहाड़ की ऊंची चोटियां नजर आ रही हो।
2. स्लेज राइडिंग
अगर आपको बर्फ पर एडवेंचर एक्टिविटी पसंद है सीधे सोनमर्ग पहुंच जाएं। सोनमर्ग में बर्फ पर चढ़ाई करते हुए ऊंचे पहाड़ों पर पहुंचे और वहां किराए पर स्लेज लेकर फिसलते हुए नीचे चले आएं। यह एडवेंचर खुब पसंद आएगा। अगर आप अपने पार्टनर के साथ कश्मीर घूमने गये हैं तो डबल स्लेज किराए पर लेकर एक ही स्लेज में अपने पार्टनर के साथ बैठकर पहाड़ी की ऊंचाई से समतल तक आप आ सकते हैं। स्लेज राइडिंग बच्चों को भी बहुत पसंद आता है।

3. स्नोमैन और दूसरी आकृतियां तैयार करना
सोनमर्ग और गुलमर्ग में जहां हर तरफ बस बर्फ ही बर्फ नजर आ रहे हैं, आप चाहें तो अपना खुद का स्नोमैन तैयार कर सकते हैं। स्नोबॉल बनाकर एक-दूसरे को मारना, स्नो से महल बनाना आदि भी मजेदार हो सकते हैं। इसके साथ ही पहाड़ों पर बैठकर गर्म कॉफी की चुस्कियां भरते हुए बर्फीले नजारों का लुत्फ उठाते हुए गर्मागर्म मैगी का स्वाद भी चख सकते हैं।
4. स्कीइंग
अगर आपको स्नो स्पोर्ट्स में रुची है, तो सोनमर्ग या गुलमर्ग में स्कीइंग का लुत्फ भी उठा सकते हैं। इसके लिए सभी जरूरी सामान आपको किराए पर मिल जाएंगे। सबसे खास बात है कि कश्मीर में बर्फ की कोई कमी नहीं होती है। इसलिए स्कीइंग के लिए आपको जगह का अभाव भी नहीं होगा।



Click it and Unblock the Notifications













