शहर में रहने वाले लोगों को वैसे तो सारी सहूलियतें मिलती हैं, और अगर उन्हें किसी बात की परेशानी रहती है तो वो ये कि वो अपने लिए जरा भी टाइम नहीं निकाल पाते हैं। अगर व्यक्ति के खुद के लिए टाइम न निकालने का गहनता से अध्ययन किया जाये तो मिलता है कि जहां वो काम कर रहे हैं वहाँ का वर्कलोड, ऑफिस प्रेशर और उससे जुड़े टारगेट इसके प्रमुख कारण हैं। लेकिन अब सवाल ये मिलता है कि क्या ऐसे लोग वीकेंड के दौरान अपने शहर के शॉपिंग मॉलों को छोड़कर कहीं और घूमने जाते हैं? यदि आप बैंगलोर जैसे भागा दौड़ी वाले शहर में रह रहे हैं और हमेशा से ही आप वीकेंड में कुछ नया करते हैं तो अब आपके लिए अच्छी खबर है।
आज हम आपको अवगत कराने जा रहे हैं बैंगलोर के आस पास मौजूद वॉटरफॉल्स से। कर्नाटक की राजधानी बैंगलोर के पास मौजूद ये वॉटर फॉल इतने खूबसूरत हैं कि ये किसी भी व्यक्ति विशेष का मन मोह सकते हैं। तो अब देर किस बात की आज ही ऑफिस से निकलने के बाद पैक करिये अपना बैग और निकल पड़िये इन खूबसूरत झरनों का दीदार करने।
आइये जानें बैंगलोर के आस पास मौजूद इन झरनों के बारे में।

पर्ल वैली - 43 किलोमीटर
पर्ल वैली वॉटरफॉल बैंगलोर से 43 किलोमीटर दूर एक बेहद खूबसूरत जगह है। ये स्थान अपने सुन्दर झरने और पहाड़ियों के लिए जाना जाता है जो ट्रैकिंग के लिए एक आदर्श गंतव्य है। आप होसूर रोड पर यात्रा करते हुए और इलेक्ट्रॉनिक सिटी से होते हुए इस वॉटरफॉल तक पहुँच सकते हैं। अगर आप चाहें तो अनेकल से भी यहां पहुंच सकते हैं। अनेकल से इस झरने की दूरी 5 किलोमीटर है। इस झरने की यात्रा का सबसे अच्छा समय अगस्त से नवंबर का रहता है।

चुंची फ़ॉल्स - 83 किलोमीटर
चुंची फ़ॉल्स, बैंगलोर से वीकेंड में जाने लायक एक अन्य जगह है। ये झरना अरकावती नदी पर है। यहां आपको कनकपुरा होकर जाना होगा जहां आपको संगमा और मेकेदाटू रोड पर एक साइनबोर्ड मिलेगा जो इस स्थान पर जाने के लिए आपको निर्देशित करेगा। ये झरना पहाड़ियों के बीचों बीच स्थित है और इन्हीं पहाड़ों को पार कर आप यहां पहुंच सकते हैं।

मेकेदाटू - 93 किलोमीटर
कनकपुरा के अंतर्गत आने वाला मेकेदाटू एक बेहद रमणीक स्थल है। आप कनकपुरा रोड पर चलते हुए संगमा पहुंचें और वहीं पर अपनी गाड़ी खड़ी करके मेकेदाटू जाएं। मेकेदाटू जाने के लिए आपको संगमा से काफी बसें भी मिल जाएंगी।

शिवानासमुद्र - 110 किलोमीटर
बैंगलोर शहर के आस पास मौजूद सभी वॉटरफॉलों में शिवानासमुद्र सबसे ज्यादा खूबसूरत है जो 110 किलोमीटर की दूरी पर है। ये वॉटर फॉल हासन से 50 किलोमीटर और मैसूर से 83 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। यहां आने पर आपको दो और फॉल मिलेंगे जिनका नाम बाराचुक्की और गगनाचुक्की है। इस स्थान का शुमार वीकेंड मनाने के सबसे आदर्श स्थानों में किया जाता है।

होगेनक्कल - 180 किलोमीटर
होगेनक्कल झरना बेंगलुरु से 180 किलोमीटर दूर तमिलनाडु के धरमपुरी जि़ले में कावेरी नदी पर स्थित है। जिसे 'भारत के नियाग्रा फ़ॉल्स' के नाम से भी जाना जाता है। होगेनक्कल झरना अपने जल के औषधीय गुणों और स्पेशल नौका सवारी "कोरेकल राइड" के लिए प्रसिद्ध है। यहाँ पाई जाने वाली कार्बोनाईट चट्टानें दक्षिण एशिया और पूरी दुनिया की सबसे प्राचीन चट्टानों में से हैं। आप मालुर होसूर रोड होते हुए इस झरने तक पहुंच सकते हैं।



Click it and Unblock the Notifications














