नोएडा में आज से शुरू होने वाला वसंत उत्सव। इस साल वसंत उत्सव का 37वां संस्करण आयोजित किया जा रहा है, जहां कई तरह के मौसमी फूलों का दीदार कर सकेंगे। फूल और प्रकृति हमारे जीवन का अभिन्न अंग तो जरूर हुआ करते हैं लेकिन समय के साथ जीवन की भागदौड़ के बीच हम इतने खो गये हैं कि इन्हें ही जीवन से दूर करते जा रहे हैं।
ऐसे में नोएडा का वसंत उत्सव एक बार फिर से आपके जीवन में रंग-बिरंगे इन फूलों की खुशबू को बिखेरना वाला बनेगा। इस साल नोएडा के वसंत उत्सव का थीम महाकुंभ से प्रेरित होने वाला है। नोएडा अथॉरिटी के साथ मिलकर इस वसंत उत्सव का आयोजन किया जा रहा है।

क्या देखने को मिलेगा यहां खास?
इस साल नोएडा वसंत उत्सव की थीम महाकुंभ से प्रेरित होने वाली है, लेकिन यहां आपको और भी काफी कुछ खास दिखने वाला है। वसंत उत्सव में 30 से 35 फूट ऊंचा काशी विश्वनाथ मंदिर का फूलों से बनाया गया मॉडल होगा, जो यहां आने वाले दर्शकों को बेहद पसंद आएगा।
इस साल वसंत उत्सव में 40 से भी ज्यादा स्टॉल होंगे, जहां 350 से अधिक प्रकार के फूल देखने को मिलेंगे। वसंत उत्सव की शुरुआत 20 फरवरी (गुरुवार) से हो रही है, लेकिन इसका आधिकारिक रूप से उद्घाटन शुक्रवार को किया जाएगा। इस दिन विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी यहां आयोजन होने वाला है।
कब से कब तक चलेगा?
नोएडा का वसंत उत्सव 4 दिनों के लिए आयोजित हो रहा है। 20 फरवरी से इसकी शुरुआत होगी, जो 23 फरवरी तक चलेगी। हालांकि पहले दिन यहां बस यूं ही घूम सकेंगे लेकिन दूसरे दिन से यह फ्लावर शो (वसंत उत्सव) अपने पूरे शबाब पर होगा। आप यहां फूलों से बनी आकृतियां, गमलों में सजाए गये फूल, सब्जियों से बनी कई तरह की आकृतियां और फ्यूजन बैंड शो का आनंद ले सकेंगे।
तीसरे दिन वसंत उत्सव में पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया जाएगा जिस दिन भी भारतीय संस्कृति को दर्शाते विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद आप यहां उठा सकते हैं। चौथे दिन यानी 23 फरवरी को वसंत उत्सव में पेंटिंग प्रतियोगिता और पुरस्कार वितरण समारोह होगा। इसके साथ ही इस दिन समापन समारोह का भी आयोजन किया जाएगा, जिसका मुख्य आकर्षण कवि सम्मेलन होने वाला है। इसके साथ ही लेजर शो भी यहां बड़ा खास होने वाला है।

Location और एंट्री शुल्क?
नोएडा में वसंत उत्सव का आयोजन हेलीपैड ग्राउंड/शिवालिक पार्क, सेक्टर 33A में आयोजित किया जा रहा है। चारों दिन सुबह 11 बजे से वसंत उत्सव रात के 9 बजे तक खुला रहेगा। 20 से 23 फरवरी तक वसंत उत्सव में दर्शकों को पूरी तरह से निःशुल्क एंट्री मिलेगी।
यहां आपको कई तरह के फूल देखने को मिलेंगे जो आमतौर पर बहुत कम ही दिखाई देते हैं, जैसे एलिसम, एस्टर, ब्राकाईकम, कैलेंडुला, डायनथस, गजानिया, लर्क्सपुर, गेंदा, नैसटर्टियम, नेमेसिया, कैलिफोरनियन पॉपी, सल्विया, स्टॉक, वरबेना, वॉयला इत्यादि। आप चाहे तो यहां से लगाए गये स्टॉल से इन फूलों को खरीद भी सकते हैं और विशेषज्ञों से बागवानी के स्पेशल टिप्स भी ले सकते हैं।



Click it and Unblock the Notifications














