
वन संपदा से सुसज्जित झारखंड प्राकृतिक दृष्टि से भारत का एक महत्वपूर्ण राज्य माना जाता है। बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा की सीमा से लगने वाला यह राज्य एक विस्तृत आदिवासी लोक-संस्कृति का प्रतिनिधित्व भी करता है। इसके अलावा यहां पाए जाने वाले खनिज भारतीय निर्माण उद्योग में कच्चे माल के रूप में इस्तेमाल किए जाते हैं।
यहां कोयले और लौह अयस्क की बहुत सी बड़ी खदान मौजूद हैं। इन सब से परे अगर बात पर्यटन की हो तो यह राज्य इस मामले में भी किसी से कम नहीं। झारखंड में ऐसे बहुत से खूबसूरत पर्यटन स्थल मौजूद हैं जो न आपको सिर्फ मानसिक शांति प्रदान करेंगे बल्कि राज्य की लोक संस्कृति को जानने का अवसर भी प्रदान करेंगे।
आज के इस खास लेख में जानिए झारखंड के उन आकर्षक स्थलों के बारे में जिनका प्लान आप साल के किसी भी महीने के दौरान बना सकते हैं।

जगन्नाथ मंदिर
PC- Rshahdeo
ओडिशा के पुरी से अलग झारखंड के राजधानी शहर रांची में भी एक प्रसिद्द जगन्नाथ मंदिर है, जिसका निर्माण 1961 में शहर के पास पहाड़ी पर करवाया गया था। यहां वर्ष में एक बार भव्य जगन्नाथ यात्रा निकाली जाती है। पुरी की तरह यहां भले उतनी भीड़ न हो पर श्रद्धालुओं का जमावड़ा यहां भी देखने लायक होता है। इस रथ यात्रा में आस पास के सभी आदीवासी समाज बढ़ चढ़कर हिस्सा लेते हैं।
मंदिर से शहर का नजारा बेहद की खूबसूरत लगता है। 6 अगस्त 1990 को यह मंदिर ढह गया था पर बिहार के सहयोग से इस मंदिर का पुननिर्माण 1992 तक पूरा कर लिया गया था।

जुबली लेक
PC- Aakash 003
अगर आप शहर की गर्मी से परेशान हो गए हैं तो जमशेदपुर स्थित जुबली लेक की सैर का आनंद ले सकते हैं। भीड़-भाड़ के बीच यह शहर का सबसे खूबसूरत कोना माना जाता है, जहां पर्यटकों को सुबह से शाम के बीच देखा जा सकता है। इस झील को जयंती सरोवर के नाम से भी जाना जाता है। यह झील प्रसिद्ध जुबली पार्क के अंदर है।
जुबली पार्क अपनी प्राकृतिक खूबसूरती के लिए जाना जाता है। जहां अकसर आसपास के लोग वींकेड में घूमने के लिए आते हैं।

रांची की पहाड़ियां
PC- Biswarup Ganguly
अगर आप झारखंड की हसीन पहाड़ियों के दृश्यों का आनंद उठाना चाहते हैं तो रांची हिल्स की सैर जरूर करें। रांची हिल्स राज्य के सबसे खूबसूरत गंतव्यों में गिना जाता है, जो लगभग 2140 फीट की ऊंचाई पर स्थित है। इस हिल्स की सबसे खास बात यह है कि आप यहां से पूरे शहर का दीदार कर सकते हैं। रांचा हिल्स पर स्थित भगवान शिव का मंदिर यहां के मुख्य आकर्षणों में गिना जाता है।
इसके अलावा यहां रांची लेक के नाम से एक खूबसूरत पहाड़ी झील भी मौजूद है। इस झील में नौकाविहार की सुविधा उपलब्ध है। प्रकृति प्रेमियों के लिए रांची हिल्स किसी खजाने से कम नहीं मानी जाती।

नेतरहाट
PC-Ujjawalagrawal2
नेतरहाट भी राज्य के चुनिंदा सबसे खूबसूरत गंतव्यों में गिना जाता है। जिसे 'छोटानागपुर की रानी' का दर्जा प्राप्त है। दरअसल नेतरहाट एक हिल स्टेशन है, जो एक पठार के रूप में चारों तरफ से घने जंगलों से घिरा हुआ है। रांची से यहां की दूरी मात्र 156 किमी ही रह जाती है। नेतरहाट अपनी पहाड़ी खूबसूरती के बीच सूर्योदय और सूर्यास्त के अद्भुत दृश्यों के लिए भी जाना जाता है।
नेतरहाट घूमने का सबसे सही समय गर्मियों का मौसम है (मार्च से मई)। नेतरहाट की आकर्षक जगहों में मंगोलिया पॉइंट, अपर घाघरी हिल्स, कोयल व्यू पॉइंट, लोध फॉल, साधना फॉल शामिल हैं।

मैथन बांध
PC- TripodStories- AB
उपरोक्त स्थानों के अलावा आप चाहें तो झारखंड के धनबाद शहर से लगभग 52 किमी की दूरी पर स्थित मैथन बांध की सैर का प्लान बना सकते हैं। यह बांध बंगाल की दामोदर बांध परियोजना का एक बड़ा जलाशय है। जो पर्यटन के लिए एक खास गंतव्य के रूप में जाना जाता है। मैथन बांध पिकनिक मनाने के लिए भी एक खास स्थल माना जाता है। नए साल के दौरान मैथन का पूरा इलाका आसपास के सैलानियों से भर जाता है। यहां अकसर लोग वीकेंड मनाने के लिए आते हैं।



Click it and Unblock the Notifications













