केरल और पूर्वोत्तर भारत में मानसून की दस्तक पड़ चुकी है। अब इंतजार बस खत्म होने ही वाला है...कुछ दिनों बाद ही मानसून की झमाझम बारिश में पूर्वांचल भींग जाएगा। उत्तर प्रदेश में लखनऊ, कानपुर या फिर आगरा ऐसी जगहें हैं, जहां लोग इतिहास से रू-ब-रू होने आते हैं। लेकिन आज हम आपको लखनऊ-कानपुर के इतिहास नहीं बल्कि प्रकृति की शानदार रचनाओं से मिलवाने वाले हैं।
लखनऊ और कानपुर के पास कुछ वाटरफॉल्स ऐसे हैं जो खासतौर पर मानसून के वक्त ही एक्टिव होते हैं! इन वाटरफॉल्स के साथ एक ऐसी जगह का नाम जुड़ा हुआ है जो साल 2018 से खूब चर्चाओं में भी रहा है। मिर्जापुर...जी हां, कालिन भैया का मिर्जापुर। फर्क बस इतना है कि वेबसीरिज में दिखाए गये मिर्जापुर से असली वाला मिर्जापुर काफी अलग है। वेबसीरिज में दिखाने के बाद यह एक लोकप्रिय टूरिस्ट स्पॉट बन गया है।

मिर्जापुर के पास कई वाटरफॉल्स हैं, जो खासतौर पर मानसून के समय ही एक्टिव होते हैं। मानसून में अगर आपको एडवेंचर का शौक चढ़ता है तो दोस्तों की पलटन या भाई-बहनों की टोली के साथ इन वाटरफॉल्स पर घूमने या पिकनिक मनाने के लिए लखनऊ और कानपुर से One Day Trip पर आसानी से पहुंच सकते हैं।
मानसून में एक्टिव होने वाले वाटरफॉल्स :
1. सिरसी वाटरफॉल
लखनऊ हो या कानपुर वाले अगर मानसून के समय मिर्जापुर घूमने जाने का प्लान बना रहे हैं तो थोड़ी दूर पर ही स्थित सिरसी वाटरफॉल जरूर जाएं। यह वाटरफॉल सिरसी डैम के ठीक पीछे मौजूद है। यह डैम इतना विशाल है कि इसे देखकर समुद्र की तरह लगने लगता है। डैम का दूसरा छोर दिखाई ही नहीं देता और मानसून के समय तो यह डैम पानी से लबालब भर जाता है।

डैम के ठीक पीछे मौजूद सिरसी वाटरफॉल को देखकर आप भी सोचने पर मजबूर हो जाएंगे कि प्रकृति अपने अंदर कितनी खुबसूरती समेट कर रखती है। यहां लोग पिकनिक मनाने भी आते हैं। यह जगह वाराणसी वालों के लिए मानसून में घूमने की अच्छी जगह साबित हो सकती है। One day trip पर जाने के लिए लखनऊ-कानपुर वालों को अहले सुबह निकलना पड़ेगा।
लखनऊ से दूरी : लगभग 340 किमी
कानपुर से दूरी : लगभग 351 किमी
वाराणसी से दूरी : लगभग 99 किमी
2. विंडम वाटरफॉल
मिर्जापुर में घूमने की सबसे अच्छी जगहों में विंडम वाटरफॉल शामिल है। इस वाटरफॉल पर लोग परिवार, दोस्तों या शिक्षक अपने विद्यार्थियों को लेकर पिकनिक मनाने आते रहते हैं। आप चाहे तो अपने साथ खाना बनाने का सामान भी लेकर आ सकते हैं, क्योंकि पिकनिक का असली मजा तो सबके साथ मिलकर खाना पकाकर फिर उसे एंजॉय करने में ही आता है। यूं तो इस वाटरफॉल में लोग नहाते और तैरते भी हैं, लेकिन मानसून के समय गहरे पानी में जाने से परहेज करना ही अक्लमंदी होती है। यह वाटरफॉल मिर्जापुर शहर से करीब 14 किमी की दूरी पर मौजूद है।

लखनऊ से दूरी : लगभग 301 किमी
कानपुर से दूरी : लगभग 309 किमी
3. टांडा वाटरफॉल
उत्तर प्रदेश के सबसे सुन्दर वाटरफॉल्स में टांडा वाटरफॉल की गिनती होती है। मिर्जापुर से यह वाटरफॉल करीब 7 किमी दक्षिण में स्थित है। वाटरफॉल तक पहुंचने का रास्ता थोड़ा मुश्किल भर है लेकिन जब आप यहां पहुंचते हैं, तो इस झरने की प्राकृतिक सुन्दरता रास्ते की आपकी पूरी थकान को उतार देती है।

खासतौर पर बारिश के मौसम में वाटरफॉल में न सिर्फ पानी के स्रोत की मात्रा बढ़ जाती है बल्कि आसपास हरियाली भी काफी ज्यादा होती है। हरी-भरी घास व वनस्पतियों को चरने के लिए अक्सर जीव भी इस वाटरफॉल के पास आते रहते हैं। चट्टानों से होकर कलकल बहता पानी बारिश के मौसम में आसपास के परिवेश को भी ठंडा रखता है।
लखनऊ से दूरी : करीब 294 किमी
कानपुर से दूरी : करीब 303 किमी



Click it and Unblock the Notifications














