अहमदाबाद से धोलेरा के बीच बन रहा लगभग 109 किमी लंबा एक्सप्रेसवे बनकर करीब-करीब तैयार हो चुका है। मीडिया रिपोर्ट्स से मिली जानकारी के अनुसार इस एक्सप्रेसवे का निर्माण लगभग 90 प्रतिशत पूरा हो चुका है। बाकी है तो बस छोटे-मोटे कुछ काम और आधिकारिक रूप से उद्घाटन होने का। शुरुआत में संभावना जतायी जा रही थी कि इस एक्सप्रेसवे को इस साल जनवरी के अंत तक ही खोल दिया जाएगा लेकिन ऐसा नहीं हो सका।
कहा जा रहा है कि इस एक्सप्रेसवे के खुल जाने से अहमदाबाद से धोलेरा के बीच की दूरी लगभग 28 किमी तक कम हो जाएगी, जिस वजह से दोनों जगहों के बीच आने-जाने में लगने वाला समय भी काफी ज्यादा घट जाएगा।

बता दें, धोलेरा में बन रहा इंटरनेशनल एयरपोर्ट अहमदाबाद का दूसरा एयरपोर्ट कहला रहा है, जिस वजह से अहमदाबाद से धोलेरा के बीच यातायात संपर्क को बेहतर बनाने की कोशिशें की जा रही हैं। अहमदाबाद-धोलेरा एक्सप्रेसवे धोलेरा में बन रहे नए इंटरनेशनल एयरपोर्ट को अहमदाबाद से सीधे जोड़ देगा।
कौन-कौन से शहरों को जोड़ेगा?
- अहमदाबाद
- भावनगर
- धोलेरा
कितनी घटेगी दूरी?
मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान में अहमदाबाद और भावनगर के बीच की दूरी करीब 169 किमी है, जिसे तय करने में सड़क मार्ग से 3 घंटे से भी अधिक समय लग जाता है। लेकिन नया एक्सप्रेसवे दोनों शहरों के बीच की दूरी को लगभग 28 किमी तक घटा देगा, जिसके बाद अहमदाबाद से भावनगर के बीच की दूरी मात्र 141 किमी की रह जाएगी।
बताया जाता है कि इस वजह से दोनों शहरों के बीच आने-जाने में लगने वाला समय भी 1 घंटा 45 मिनट तक कम हो जाएगा। बताया जाता है अब तक इस एक्सप्रेसवे की वजह से अहमदाबाद से धोलेरा के बीच आने-जाने में लगने वाला 2 घंटा 15 मिनट का समय घटकर मात्र 40 से 45 मिनट हो जाएगा।
दो शहरों के बीच की दूरी को घटाने के साथ-साथ अहमदाबाद-धोलेरा एक्सप्रेसवे गुजरात की आर्थिक उन्नति और विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला है। उम्मीद की जा रही है इस एक्सप्रेसवे के बन जाने से धोलेरा तक पहुंच और यातायात पहले की तुलना में काफी आसान बन जाएगा, जिसकी वजह से व्यापारिक संगठन भी इस क्षेत्र में निवेश करने में अपनी दिलचस्पी दिखाएंगे।
यह एक्सप्रेसवे धोलेरा स्मार्ट सिटी विस्तार और निवेशकों को आकर्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, जिसकी वजह से यहां संरचनात्मक विकास भी होने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं।
अहमदाबाद-धोलेरा एक्सप्रेसवे की विशेषताएं -
- यह एक्सप्रेसवे लगभग ₹4500 करोड़ की परियोजना के तहत बनाया जा रहा है।
- एक्सप्रेसवे के बन जाने से धोलेरा, अहमदाबाद और भावनगर के बीच यातायात संपर्क काफी बेहतर होने की संभावना है।
- यह एक्सप्रेसवे अहमदाबाद में सरखेज के पास सरदार पटेल रिंग से शुरू होता है जो धोलेरा SIR पर जाकर खत्म होगा।
- यह एक्सप्रेसवे जिन महत्वपूर्ण जगहों से होकर गुजरेगा, उनमें नवगाम में बन रहा धोलेरा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को क्षेत्र की दूसरी जगहों से जोड़ेगा।
बता दें, यह एक्सप्रेसवे दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर (DMIC) का हिस्सा है, जो गुजरात की आर्थिक व संरचनात्मक विकास को गति देने का काम करेगा। अभी तक इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने की आधिकारिक रूप से कोई घोषणा नहीं की गयी है लेकिन संभावना जतायी जा रही है कि अगले 3 महीनों के अंदर अहमदाबाद-धोलेरा एक्सप्रेसवे को आम नागरिकों के लिए खोल दिया जा सकता है।



Click it and Unblock the Notifications














