कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार का ड्रीम प्रोजेक्ट है स्काई डेक। सितंबर 2024 में न्यूयॉर्क स्काई डेक पर घूमकर आने के बाद उपमुख्यमंत्री ने उम्मीद जतायी थी कि बेंगलुरु में बनने वाला स्काई डेक (Sky Deck) भी बिल्कुल ऐसा ही अनुभव करवाएगा। लेकिन लगता है, उनकी इस उम्मीद पर पानी फिरने वाला है। बृहत बेंगलुरु महानगर पालिका (BBMP) ने 250 मीटर ऊंचा स्काई डेक बेंगलुरु के हेम्मीगेपुरा (Hemmigepura) में बनाने का प्रस्ताव दिया था लेकिन...।
आशंका जतायी जा रही है कि अगर हेम्मीगेपुरा में स्काई डेक बनता है तो वह दूसरे एयरपोर्ट के रास्ते का रोड़ा बन सकता है। तो क्या स्काई डेक बनाने का प्रस्ताव ठंडे बस्ते में जाने वाला है? उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार का बेंगलुरु में स्काई डेक बनाने का सपना क्या बस सपना बनकर ही रह जाएगा?
कहां बनाने का है प्रस्ताव?
BBMP ने दक्षिण बेंगलुरु के हेम्मीगेपुरा में ₹500 करोड़ की लागत से 250 मीटर ऊंचा स्काई डेक बनाने का प्रस्ताव दिया है। इसे नंदी इंफ्रास्ट्रक्चर कॉरिडोर एंटरप्राइज (NICE) Clover Leaf के पास बनाने का प्रस्ताव दिया गया है। स्काई डेक को लगभग 25 एकड़ की भूमि पर बनाने की योजना है।
पिछले दिनों ही BBMP ने एक विज्ञप्ति जारी कर स्थानीय निवासियों से इस बारे में उनके विचार बताने का अनुरोध किया गया था। इस बाबत BBMP के कमिश्नर तुषार गिरीनाथ ने अगले 7 दिनों के अंदर अपने विचार ईमेल के माध्यम से बताने की सलाह दी थी। आखिरकार उस सर्वे का रिजल्ट अब सामने आ गया है।
क्या आया सर्वे का रिजल्ट?
हेम्मीगेपुरा में स्काई डेक बनाने के लिए BBMP ने स्थानीय लोगों से जो प्रतिक्रिया (Feedback) मांगी थी, उस सर्वे का रिजल्ट अब सामने आ चुका है। Times of India की एक रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार इस सर्वे में करीब 151 लोगों ने व्यक्तिगत रूप से हिस्सा लिया था, जिसमें से लगभग 87% लोग ऐसे थे, जो इस क्षेत्र में या आसपास के इलाके के रहने वाले हैं।
लगभग 32.5% लोगों ने हेम्मीगेपुरा में स्काई डेक बनाने का विरोध किया, जबकि 54.3% लोगों ने इसका समर्थन किया। 13.2% लोग ऐसे भी रहे जिन्होंने समर्थन या विरोध कहीं भी अपना मत नहीं दिया। जिन लोगों ने इसका विरोध किया उनमें से 64.2% लोगों को डर है कि अगर स्काई डेक बनता है तो यहां ट्रैफिक जाम की समस्या काफी ज्यादा बढ़ जाएगी। वहीं 53% लोगों को गाड़ी की पार्किंग और 45.7% लोगों ने हरियाली घट जाने की आशंका जतायी।
दूसरे एयरपोर्ट के रास्ते में बनेगा रोड़ा?
कर्नाटक सरकार बेंगलुरु में दूसरे एयरपोर्ट के लिए भी जमीन ढूंढ़ रही है। उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार दूसरा एयरपोर्ट दक्षिण बेंगलुरु के बिडाडी (Bidadi) या फिर कनकपुरा में बनाना चाहते हैं, क्योंकि वर्तमान केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (KIA) उत्तर बेंगलुरु में मौजूद है। The Hindu से बात करते हुए एविएशन एक्सपर्ट देवेश अगरवाल ने कहा कि स्काई डेक की ऊंचाई करीब 250 मीटर बनाने की योजना है।
संभवतः इसी वजह से AAI बेंगलुरु शहर के अंदर इसे बनाने की अनुमति नहीं देगी। उन्होंने कहा कि अगर यह संरचना फ्लाईट के रास्ते में आती है, तो मुश्किल पैदा हो सकती है। अगर राज्य सरकार दक्षिण बेंगलुरु में एयरपोर्ट बनाने की जगह को फाइनल करती है, तो स्काई डेक को किसी दूसरे स्थान पर स्थानांतरित करना पड़ सकता है।
इन जगहों पर स्काई डेक बनाने का था विचार!
The Hindu की एक रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार BBMP ने सबसे पहले सेंट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट (CBD) में स्काई डेक बनाने का फैसला लिया था लेकिन यहां एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) और रक्षा मंत्रालय से अनुमति नहीं मिलेगी। इसलिए उन्हें यह फैसला बदलना पड़ा। इसके बाद बैय्याप्पनहल्ली मेट्रो स्टेशन के निकट न्यू गवर्नमेंट इलेक्ट्रिक फैक्ट्री (NGEF) के पास स्काई डेक बनाने के बारे में सोचा गया था। यहां करीब 10 एकड़ की भूमि को चिह्नित किया गया था।
इसके साथ ही BBMP ने कर्नाटक सोप एंड डिटर्जेंट लिमिटेड की जमीन पर भी इसे बनाने का विचार किया था। लेकिन इन दोनों जगहों पर भी स्काई डेक बनाने की योजना पर पानी फिर गया क्योंकि AAI और रक्षा मंत्रालय से इन दोनों जगहों के लिए NOD मिलना भी काफी मुश्किल भरा काम होने वाला था। इसलिए आखिरकार हेम्मीगेपुरा में स्काई डेक बनाने के बारे में विचार किया गया।



Click it and Unblock the Notifications
















