अगर आप मुंबई मेट्रो की लाइन 7 (रेड लाइन) या 2A (यलो लाइन) से सफर करते हैं, तो आपके लिए एक अच्छी खबर है। अब इन दोनों लाइन पर मेट्रो की रफ्तार बढ़ने वाली है। मिली जानकारी के अनुसार पिछले दिनों ही मुंबई मेट्रो लाइन 7 और 2A ने महत्वपूर्ण मुकाम हासिल किया है, जिसका इंतजार लंबे समय से किया जा रहा था।
बताया जाता है कि इन दोनों लाइन को चीफ कमिश्ननर ऑफ रेल सेफ्टी (CCRS) से सर्टिफिकेट मिल गया है। अब इन दोनों लाइन पर पूरी रफ्तार के साथ दौड़ेगी मेट्रो। पर कितनी होगी रफ्तार?

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मुंबई मेट्रो लाइन 7 और 2A पर सुरक्षा सर्टिफिकेट मिल जाने का मतलब है कि अब इन दोनों लाइन पर मेट्रो का परिचालन पूरी क्षमता के साथ किया जा सकेगा। अब इन दोनों लाइन पर ही मेट्रो सेवाएं 80 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से मिलेगी। इसका मतलब है कि अगर मेट्रो की रफ्तार बढ़ती है तो न सिर्फ यात्री पहले की तुलना में जल्दी अपने गंतव्यों तक पहुंच जाएंगे बल्कि मेट्रो के फेरे भी बढ़ने की संभावना है।
बता दें, मुंबई मेट्रो लाइन 2A (यलो लाइन) का संचालन दहिसर से डीएन नगर तक किया जाता है। लगभग 18.6 किमी की दूरी में इस मेट्रो लाइन में कुल 17 स्टेशन हैं। वहीं दूसरी तरफ मेट्रो लाइन 7 अंधेरी (पूर्व) को दहिसर (पूर्व) से जोड़ती है। यह मेट्रो लाइन करीब 16.5 किमी लंबी है, जिसमें 13 मेट्रो स्टेशन हैं। मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि दोनों लाइन पर मिलाकर करीब 2.5 लाख यात्री प्रतिदिन यात्रा करते हैं।
अब तक इन दोनों लाइन पर मेट्रो को लगभग 50 से 60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से अस्थायी रूप से चलाया जाता था। लेकिन अब CCRS का मेट्रो सुरक्षा सर्टिफिकेट मिल जाने के बाद दोनों लाइन पर ही मेट्रो की रफ्तार भी बढ़ जाएगी और इन लाइनों पर मेट्रो का संचालन 80 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से की जाएगी।
मुंबई जैसे एक शहर, जिसके बारे में कहा जाता है कि यह दिन-रात जागती है और बस भागती-दौड़ती है, वहां मेट्रो की रफ्तार का बढ़ना निश्चित रूप से यात्रियों के लिए काफी ज्यादा मददगार साबित होगी। इससे यात्री न सिर्फ पहले के मुकाबले कहीं ज्यादा जल्दी अपने-अपने गंतव्यों तक पहुंच जाएंगे बल्कि मेट्रो की रफ्तार बढ़ने के साथ ही इस रूट पर मेट्रो पहले की तुलना में ज्यादा फेरे भी लगाएगी। संभव है कि इससे मेट्रो लाइन 7 और 2A पर दो मेट्रो के बीच के अंतराल को भी घटा दिया जाए।



Click it and Unblock the Notifications














