इसी सप्ताह से शुरू होने वाला है देश का सबसे बड़ा हस्तशिल्प मेला : सूरजकुंड मेला 2025। यह मेला न सिर्फ देश बल्कि दुनिया के सबसे बड़े क्राफ्ट मेला में से एक है, जिसका आयोजन हरियाणा के फरीदाबाद जिले में किया जाता है। देश के कोने-कोने से आने वाले शिल्पकार, कलाकार और हथकरघा बुनकर आदि मेले में अपना स्टॉल लगाते हैं, जहां सिर्फ देश से ही नहीं बल्कि विदेशों से भी बड़ी संख्या में लोग आते हैं।
यहां हैंडी क्राफ्ट से लेकर डेकोरेशन की चीजें, सांस्कृतिक कार्यक्रम आदि को देखने के लिए भी बड़ी संख्या में मेहमान आते हैं। चलिए आपको इस साल आयोजित होने वाले सूरजकुंड मेला के विषय में कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां दे देते हैं -

कब से शुरू हो रहा है?
इस साल सूरजकुंड मेला 7 फरवरी से शुरू हो रहा है। जनसत्ता की मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस साल इस अंतर्राष्ट्रीय मेले का 38वां संस्करण आयोजित होने वाला है। मेला 23 फरवरी 2025 तक चलेगा। यानी करीब 2 सप्ताह का समय मिलेगा, इस मेले में घूमने जाने, ढेर सारी शॉपिंग करने और यहां होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद उठाने के लिए मिलेगा।
बताया जाता है कि इस साल सूरजकुंड मेले में 1100 से ज्यादा स्टॉल होंगे। यह मेला हर दिन सुबह 10.30 से रात 8.30 बजे तक खुला रहेगा।

घर बैठे बुक कर सकेंगे टिकट
सूरजकुंड मेले का टिकट अगर आप चाहे तो घर बैठे ही बुक कर सकते हैं। इस साल सूरजकुंड मेले का टिकट दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) के आधिकारिक ऐप पर ऑनलाइन भी उपलब्ध है।
कैसे बुक कर सकेंगे टिकट -
- अपने स्मार्टफोन में 'DMRC मोमेंटम 2.O' ऐप डाउनलोड करें।
- ऐप में आपको एक सेक्शन मिलेगा 'सूरजकुंड मेला', वहां जाएं।
- अब मेला में जाने की तारीख और समय का चुनाव करें।
- मांगी गयी सारी जानकारियां यहां भरें।
- अब भुगतान की प्रक्रिया अपने सुविधानुसार पूरी करें।
- बुकिंग कंफर्म होने के बाद टिकट डाउनलोड कर लें। इसे मेले के गेट पर दिखाकर प्रवेश कर सकते हैं।

इसी प्रक्रिया को आप DMRC के आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर भी पूरी कर सकते हैं। इसके अलावा आप सूरजकुंड मेले के आधिकारिक साइट https://surajkundmela.co.in पर जाकर भी खरीद सकते हैं। इसके साथ ही दिल्ली मेट्रो के स्टेशनों पर टिकट काउंटर अथवा सूरजकुंड मेला परिसर में बनाएं गये 5 टिकट काउंटर से ऑफलाइन माध्यम से टिकट खरीद सकेंगे।

कितना है टिकट का किराया?
सूरजकुंड मेले का टिकट सप्ताह के सामान्य दिनों और सप्ताहांत के लिए अलग-अलग है।
सामान्य टिकट का मूल्य (सप्ताह के दिनों में) : ₹120
सामान्य टिकट का मूल्य (सप्ताहांत में) : ₹180
स्कूल और कॉलेज के छात्रों को सप्ताह के दिनों में टिकट के मूल्य पर 50% की छूट मिलेगी।
वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांग और सैनिकों को भी टिकट के मूल्य पर 50% की छूट मिलेगी।



Click it and Unblock the Notifications














