सिर्फ एक दिन का इंतजार और...उसके बाद हावड़ा मैदान से एस्प्लेनेड के बीच दौड़ने लगेगी मेट्रो। जी हां, यह वहीं मेट्रो रूट है, जो हुगली नदी के नीचे से होकर गुजरने वाली है। यह भारत की पहली अंडरवाटर मेट्रो सेवा होने वाली है। 6 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी East-West मेट्रो कॉरिडोर के इस मेट्रो सेवा का उद्घाटन करेंगे।
हालांकि पीएम मोदी द्वारा उद्घाटन कर देने के बावजूद इस रूट को यात्रियों के लिए कब से खोला जाएगा, इस बाबत अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। मेट्रो सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अभी भी यात्री सेवा के लिए इस रूट पर कुछ काम बाकी हैं। इसलिए उन्हें पूरा करने के बाद ही कोलकाता से हावड़ा को जोड़ने वाली इस रूट पर मेट्रो का संचालन शुरू किया जाएगा। मिली जानकारी के अनुसार 6 मार्च को ही पीएम मोदी न्यू गड़िया-विमानबंदर मेट्रो स्ट्रेच के कवि सुभाष स्टेशन से रूबी के बीच तक की मेट्रो सेवा का भी उद्घाटन करेंगे।

लेकिन यात्रियों के लिए इस रूट को भी अभी नहीं खोला जाएगा। मेट्रो प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार लोकसभा चुनावों की घोषणा में अभी ज्यादा दिनों का समय नहीं रह गया है। इसलिए आदर्श आचार संहिता लागू होने से पहले ही इनका उद्घाटन कर दिया जा रहा है ताकि बाद में काम पूरा होने पर भी यात्रियों के लिए इन रूटों को खोलने में देर न हो।
मेट्रो सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार हावड़ा मैदान-एस्प्लेनेड रूट पर किराए की सूची भी तैयार कर ली गयी है। इसमें सबसे कम किराया हावड़ा मैदान से हावड़ा स्टेशन का मात्र ₹5 और सर्वाधिक एस्प्लेनेड तक का ₹20 तय किया गया है। हावड़ा से उत्तर कोलकाता में दक्षिणेश्वर और दक्षिण कोलकाता में कवि सुभाष स्टेशन तक का किराया ₹30 होगा।
Read Also :

कोलकाता मेट्रो के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कौशिक मित्रा ने मीडिया से बातचीत में कहा, "6 मार्च को हावड़ा मैदान से एस्प्लेनेड के बीच मेट्रो रूट का उद्घाटन होने वाला है। लेकिन इस रूट पर यात्री सेवा कब से शुरू होगी, इसका निर्णय अभी तक नहीं लिया गया है। जल्द ही इस बाबत फैसला ले लिया जाएगा।"
बता दें, हावड़ा मैदान से एस्प्लेनेड के बीच 4.8 किमी का यह रास्ता ईस्ट-वेस्ट मेट्रो कॉरिडोर के हावड़ा मैदान और सॉल्टलेक सेक्टर 5 का दूसरा चरण है। इस रूट का पहला चरण सॉल्टलेक सेक्टर 5 से सियालदह के बीच मेट्रो का संचालन था। 16.6 किमी लंबे पूरे ईस्ट-वेस्ट मेट्रो कॉरिडोर में से 10.8 किमी लंबे हावड़ा मैदान से फुलबगान का निर्माण पूरा हो चुका है।



Click it and Unblock the Notifications














