पिछले दिनों महाराष्ट्र मंत्रीमंडल ने अहमदनगर का नाम बदलकर अहिल्यानगर करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही अब इस शहर का नाम बदलकर 18वीं सदी की मराठा रानी अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर अहमदनगर का नाम 'अहिल्यानगर' कर दिया जाएगा। पिछले साल ही महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शहर का नाम बदलने के प्रस्ताव की घोषणा की थी।
अहमदनगर का नाम 15वीं सदी के निजामशाही राजवंश और अहमदनगर की स्थापना करने वाले अहमद निजामशाह के नाम पर रखा गया था। अब यह शहर अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर अहिल्यानगर के नाम से जाना जाएगा। ऐसा पहली बार नहीं हुआ है कि जब महाराष्ट्र या भारत में किसी भी शहर का नाम बदला गया है। किसी जमाने में मद्रास के नाम से मशहूर तमिलनाडु की राजधानी को आज सभी चेन्नई के नाम से जानते हैं। वहीं कलकत्ता का नाम बदलकर कोलकाता किया गया था।

मुगलों के नाम पर बसे हैं कई गांव
महाराष्ट्र की ही अगर बात की जाए तो इसके लगभग 80 गांव, शहरों या कस्बों के नाम मुगलों के नाम पर है। इतिहासकारों का मानना है कि मुगल जिस शहर को भी बसाते या जीतते थे, वहां अपनी छाप और विरासत छोड़ने के लिए वे उस शहर का नाम या अपने या अपने वंश के नाम पर रख देते थे। महाराष्ट्र में 32 ऐसी जगहें हैं, जिनका नाम औरंगजेब के नाम पर रखा गया है।
इनमें कुछ को औरंगाबाद और कुछ औरंगपुर कहलाता है। वहीं जहांगीर के शासनकाल में 21 गांवों का नाम मुगलों के नाम पर रखा गया था। बाबर के नाम पर 3 और शाहजहां के नाम पर 11 गांवों का नाम रखा गया था। इसके अलावा 14 ऐसे गांव व कस्बे हैं, जिनका नाम अन्य मुगल शासकों के नाम पर रखा गया है।

पिछले कुछ सालों में महाराष्ट्र में बदले गये जिन शहरों के नाम
| पुराना नाम | नया नाम |
| औरंगाबाद | संभाजीनगर (फरवरी 2022) |
| उस्मानाबाद | धाराशिव (फरवरी 2022) |
| बंबई | मुंबई |
| न्यू बॉम्बे | नवी मुंबई |
| नासिक | गुलशनाबाद |
| गुलशनाबाद | नासिक (नासिक का नाम 2 बार बदला गया) |
| पूना | पुणे |
| थाना | ठाणे |
| विक्टोरिया टर्मिनस | छत्रपति शिवाजी टर्मिनस |
| अंबानगरी | अमरावती |
| रत्नपूर | लातूर |

बदले जाएंगे 8 रेलवे स्टेशनों के नाम
मीडिया रिपोर्ट्स से मिली जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र की कैबिनेट ने 8 रेलवे स्टेशनों के नाम बदलने को भी मंजूरी दे दी है। बताया जाता है कि ये सभी रेलवे स्टेशन मुंबई में हैं और ये सभी नाम ब्रिटिशकाल में रखे गये थे। इसलिए अब इनका नाम बदलकर इन्हें नया नाम दिया जाएगा।
8 रेलवे स्टेशन जिनका बदला जाएगा नाम
| वर्तमान नाम | नया नाम | |
| 1. | मुंबई सेंट्रल | जगन्नाथ शंकर सेठ |
| 2. | करी रोड | लाल बाग |
| 3. | सैंडहर्सट रोड | डोंगरी |
| 4. | मरीन लाइंस | मुंबा देवी |
| 5. | चर्नी रोड | गिरगांव |
| 6. | कॉटन ग्रीन | ब्लैक चौकी |
| 7. | किंग्ज सर्कल | तीर्थंकर पार्श्वनाथ |
| 8. | डॉकयार्ड रोड | मजगांव |



Click it and Unblock the Notifications














