किसी समय मुंबई की सड़कों पर डबल डेकर BEST बसें दिखाई देती थी। हालांकि अब भी डबल डेकर बसें मुंबई में चलती हैं लेकिन अब जमाना पहले की तुलना में काफी बदल भी गया है। अब मुंबई की सड़कों पर नजर आ रही हैं डबल डेकर फ्लाईओवर। जी हां, हाल ही में मुंबई के पहले डबल डेकर फ्लाईओवर को खोल दिया गया है। इस फ्लाईओवर के ऊपरी हिस्से से होकर मेट्रो लाइन-9 है और नीचे वाले हिस्से से गाड़ियां गुजरेंगी।

लगभग 2 सालों तक इस फ्लाईओवर का निर्माण कार्य चलने के बाद आखिरकार मुंबई मेट्रोपॉलिटन रिजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (MMRDA) ने इसे आम नागरिकों के लिए खोल दिया है। इस फ्लाईओवर की वजह से हाई-वोल्टेज डबल सर्किट जेनरेशन पावर लाइन को स्थानांतरित करना पड़ा है। इस बारे में Hindustan Times की एक रिपोर्ट में MMRDA ने बताया कि अत्याधुनिक संरचना वाली डबल-डेकर मेट्रो वायडक्ट को मेट्रो-9 को फ्लाईओवर के साथ जोड़कर एक बना दिया गया है।
उक्त अधिकारी ने बताया कि यह स्ट्रेच करीब 1 किमी लंबा है और वर्तमान सड़क से लगभग 5.5 मीटर ऊंचा है। इस डबल डेकर फ्लाईओवर के खुल जाने से निश्चित रूप से ट्रैफिक पहले के मुकाबले काफी आसान बनेगा। वर्तमान में प्लीजेंट पार्क, हटकेश और मीरा रोड पर सिल्वर पार्क जंक्शन से होकर हर घंटे लगभग 400 वाहनें गुजरती हैं। इस फ्लाईओवर के खुल जाने से उम्मीद की जा रही है कि यहां का ट्रैफिक पहले के मुकाबले काफी आसान बन जाएगा।

इस बारे में मीडिया से बात करते हुए MMRDA के मेट्रोपॉलिटन कमिश्नर संजय मुखर्जी ने कहा कि इस फ्लाईओवर को मेट्रो के खंभों के साथ डिजाइन किया गया था। अब ऊपरी हिस्से से होकर मेट्रो गुजरेगी और फ्लाईओवर के नीचले स्तर व सड़क से होकर गाड़ियां आवाजाही कर सकेंगी। उनका कहना है कि यह मुंबई में ट्रैफिक की आधुनिक जरूरतों का आधुनिक समाधान बनकर उभरेगा।
बताया जाता है कि यह फ्लाईओवर दहिसर चेकनाका की ओर जाता है, जो मोटर चालकों के लिए चोक पॉइंट है। डबल-डेकर फ्लाईओवर से इस रास्ते से होकर आवाजाही करने वाले यात्रियों को काफी लाभ मिलने की उम्मीद है। उम्मीद जतायी जा रही है कि इससे यात्रा का समय 8 से 10 मिनट कम हो जाएगा और वाहनों का आवागमन भी आसान हो जाएगा।



Click it and Unblock the Notifications














