हैदराबाद के मेट्रो स्टेशनों व ट्रेनों में नियुक्त की गयी है 'SHE' टीम। इनकी नियुक्ति हैदराबाद पुलिस की ओर से की गयी है। इस बात की जानकारी हैदराबाद मेट्रो रेलवे के मैनेजिंग डायरेक्टर एन.वी.एस. रेड्डी और एल&टी मेट्रो रेल के एमडी के.वी.बी. रेड्डी ने दी। मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी 'SHE' टीम को मेट्रो स्टेशनों और ट्रेनों के कोच के अंदर की जाएगी।
पर अचानक क्यों 'SHE' टीम को हैदराबाद मेट्रो में नियुक्त करने का फैसला लिया गया है? 'SHE' टीम की नियुक्ति से क्या फायदा होगा?

The Hindu की एक रिपोर्ट के अनुसार मेट्रो ट्रेन और स्टेशनों पर उच्च महिला सुरक्षा को सुनिश्चित करने और यात्रा के दौरान महिलाओं को किसी भी तरह की परेशानियों से बचाने के लिए ही 'SHE' टीम को हैदराबाद मेट्रो स्टेशनों और मेट्रो ट्रेनों के अंदर नियुक्त करने का फैसला लिया गया है।
हैदराबाद मेट्रो रेलवे एल&टी द्वारा आयोजित सेफ्टी सेमिनार के दौरान एन.वी.एस रेड्डी समेत अन्य अधिकारियों ने बताया कि मेट्रो रेल में यात्रियों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए कई तरह की व्यवस्थाएं की गयी हैं। इनमें बैगेज स्कैनर, इमरजेंसी स्टॉप बटन, प्राथमिक चिकित्सा सुविधा, नेत्रहीन दिव्यांगों की सुविधा के लिए स्पर्श पथ की व्यवस्था की गयी है।

इसके साथ ही रेलवे ट्रैक पर अगर किसी यात्री का सामान गिर जाता है तो उसे उठाने के लिए अलग से लाठी (Pick Up Rod), आग और धुआँ का पता लगाने वाली मशीन, चौबीस घंटे सीसीटीवी सर्विलांस, यात्रियों के लिए इमरजेंसी अलार्म आदि की सुविधा भी दी गयी हैं जो उनकी सुरक्षा को सुनिश्चित करता है। इसके साथ ही मेट्रो कोच में लगातार ढीले-ढाले कपड़ों को लेकर अतिरिक्त सुरक्षा बरतने, प्लेटफार्म और ट्रेन के बीच का अंतराल कम होने जैसी घोषणाएं भी की जाती है, जो यात्रियों को जागरुक करने में काफी मददगार साबित हो रही है। इसी क्रम में अब हैदराबाद मेट्रो और स्टेशन पर महिला यात्रियों की सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए 'SHE' टीम की नियुक्ति की गयी है।
बता दें, 'SHE' टीम तेलंगाना पुलिस की महिला विंग है, जिसे अक्तूबर 2014 में हैदराबाद शहर में लॉन्च किया गया था। इस टीम का उद्देश्य शहर की महिलाओं की सुरक्षा और दोस्तानापूर्ण वातावरण उपलब्ध करवाना है। शुरुआत में इस टीम को हैदराबाद के साइबराबाद जिले में लागू किया गया था। लगभग 1 साल बाद यानी 2015 से इसे तेलंगाना के दूसरे जिलों में भी लागू किया गया। तेलंगाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान में पूरे तेलंगाना राज्य में 341 से अधिक 'SHE' टीम कार्यरत हैं, जो महिलाओं की सुरक्षा को सुनिश्चित करती हैं।



Click it and Unblock the Notifications














