दिल्ली न सिर्फ भारत की राजधानी होने के नाते दुनिया भर में लोकप्रिय है बल्कि अपनी ऐतिहासिक विरासतों की वजह से भी दिल्ली पर्यटकों में काफी लोकप्रिय है। आमतौर पर दिल्ली के प्रमुख पर्यटन स्थल जैसे लाल किला, कुतुब मीनार और हुमायूं का मकबरा आदि जगहों पर साल भर पर्यटकों का मेला लगा रहता है। लेकिन इन ऐतिहासिक जगहों के अलावा दिल्ली में ऐसी कई जगहें हैं जिनका ऐतिहासिक महत्व तो काफी ज्यादा है लेकिन जानकारी के अभाव में लोगों को इनके बारे में बहुत कम ही पता होता है।
लेकिन दिल्ली के पर्यटन विभाग ने अब इन जगहों के बारे में लोगों को बताने और यहां घूमने जाने का बड़ा ही अच्छा मौका दिया है। हाल ही में इन ऐतिहासिक विरासतों से पर्यटकों को रु-ब-रु करवाने के लिए दिल्ली के पर्यटन विभाग ने हेरिटेज वॉक फेस्टिवल (Heritage Walk Festival) की शुरुआत की है।

दिल्ली शहर की गलियों में जहां-तहां फैले विभिन्न ऐतिहासिक जगहों के बारे में पर्यटकों को जानकारी देने के लिए ही इस फेस्टिवल की शुरुआत की गयी है। यानी त्योहारों के सीजन में अब ऐतिहासिक जगहों में घूमने का त्योहार भी दिल्ली के पर्यटन विभाग ने शुरू कर दिया है।
क्या है हेरिटेज वॉक फेस्टिवल?
पिछले 2 सालों हेरिटेज वॉक फेस्टिवल का आयोजन किया जाता है। इस फेस्टिवल में पर्यटकों को दिल्ली महानगर में विभिन्न जगहों पर फैले 100 अलग-अलग ऐतिहासिक जगहों, जिनके बारे में आम लोगों के पास बहुत कम जानकारी होगी है, को देखने, वहां घूमने का मौका मिलता है।
इस फेस्टिवल का मुख्य उद्देश्य ही उन ऐतिहासिक जगहों पर भी पर्यटकों को लेकर जाना और उनके बारे में जानकारी मुहैया करवाना है, जिनके बारे में उन्हें कम जानकारी होती है। क्योंकि दिल्ली के ऐतिहासिक जगहों में अधिकांश पर्यटक सिर्फ लाल किला और कुतुब मीनार की गिनती ही कर पाते हैं।
कब से कब तक चलेगा हेरिटेज वॉक फेस्टिवल?
दिल्ली के पर्यटन विभाग द्वारा इस साल आयोजित हो रहा हेरिटेज वॉक फेस्टिवल, सबसे लंबा चलने वाला है। इस फेस्टिवल की शुरुआत 10 अक्तूबर को हुई थी। पहले दिन पर्यटकों को दिल्ली के कमला नेहरु रिज, सीविल लाइंस के म्यूटिनी मेमोरियल में घूमाया गया, जिसका आजादी की लड़ाई में बड़ा ही महत्वपूर्ण स्थान है।
इस साल का हेरिटेज वॉक फेस्टिवल 31 दिसंबर 2024 तक चलेगा। यानी पर्यटकों के पास अभी लंबा वक्त है, पूरे 80 दिनों का, जब वे 100 ऐतिहासिक जगहों की लिस्ट में से अपनी मनपसंद जगह पर घूमने जा सकते हैं।

क्यों आयोजित होता है हेरिटेज वॉक फेस्टिवल?
आप जरूर सोच रहे होंगे कि दिल्ली के ऐतिहासिक जगहों के बारे में तो लोगों को पता ही होता है फिर हेरिटेज वॉक फेस्टिवल का आयोजन करने की क्या जरूरत? दरअसल, हेरिटेज वॉक फेस्टिवल को इस प्रकार से डिजाइन किया गया है जिसमें सिर्फ पर्यटक या इतिहासविद ही नहीं बल्कि हर तरह के लोग शामिल हो सकते हैं। अगर आप इस साल सर्दियों के शुरुआती दिनों में दिल्ली में घूमने जाने का प्लान बना रहे हैं तो हेरिटेज वॉक फेस्टिवल एक शानदार मौका हो सकता है जब आप दिल्ली को थोड़ा और करीब से देख व समझ सकेंगे।
यहीं बात दिल्लीवालों पर भी लागू होता है। हेरिटेज वॉक फेस्टिवल के दौरान उन्हें अपने ही घर (दिल्ली) का एक नया स्वरूप देखने का मौका मिलेगा, जिसके बारे में संभवतः उनके पास कोई जानकारी भी नहीं थी। यकीन मानिए आप भी हैरान हो जाएंगे कि आपके घर के इतने करीब ऐसी कोई ऐतिहासिक जगह भी मौजूद है।

कैसे शामिल हो हेरिटेज वॉक फेस्टिवल में?
80 दिनों का हेरिटेज वॉक फेस्टिवल 31 दिसंबर को खत्म होगा। इसमें शामिल होने के लिए पर्यटकों को बहुत ही कम कीमतों पर टिकट खरीदना पड़ेगा जो दिल्ली के पर्यटन विभाग के आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। वेबसाइट पर ही आपको वह सूची भी मिल जाएगी, जिसमें किस दिन कौन सी ऐतिहासिक जगह पर घूमाने ले जाया जाएगा और उसके टिकट का मूल्य भी अंकित होगा। हेरिटेज वॉक फेस्टिवल में मुगलकाल के स्मारक, औपनिवेशक युग की इमारतें, युद्धक्षेत्र जिनके बारे में लोग भूल ही चुके हैं आदि में घूमाया जाएगा।
दिल्ली के पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित हेरिटेज वॉक फेस्टिवल उन लोगों के लिए बड़ा ही अच्छा मौका है, जिन्हें दिल्ली के ऐतिहासिक महत्व के बारे में कम ही जानकारी है। अगर आप दिल्ली में या आसपास की किसी जगह पर रहते हैं और छुट्टियों के दिनों में बस यूं ही अपने घर के पार्क तक घूमकर वापस लौट आते हैं तो अब जरा समय निकाले। और तय कर लें किसी भी ऐतिहासिक जगह का सफर। हो सकता है दिल्ली शहर को देखने का आपका नजरिया ही बदल जाए।



Click it and Unblock the Notifications














